Major General Arvind Yadav receives the President's Distinguished Service Medal

Major General Arvind Yadav receives the President's Distinguished Service Medal

गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र के पूर्व छात्र मेजर जनरल अरविंद यादव को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (President's Vishisht Seva Medal)

कुरुक्षेत्र स्थित विद्या भारती के गीता निकेतन आवासीय विद्यालय के पूर्व छात्र मेजर जनरल अरविंद यादव को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। यह घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई, जिससे उनके परिवार एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण रहा।

विशिष्ट सेवा पदक भारतीय सशस्त्र सेनाओं का एक प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान है, जो उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है। यह पदक उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों ने इसे गीता भूमि के लिए गौरव का क्षण बताया।

मेजर जनरल अरविंद यादव ने वर्ष 1988 में भारतीय सेना में सेकेंड लेफ्टिनेंट के रूप में सेवा आरंभ की थी और विभिन्न दायित्वों पर रहते हुए अपनी कार्यकुशलता व नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। वर्तमान में वे नई दिल्ली में भारतीय तोपखाना के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र से कक्षा 10 उत्तीर्ण की तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के तत्कालीन यूनिवर्सिटी कॉलेज से बीएससी (कंप्यूटर साइंस) की शिक्षा प्राप्त की। अंतिम वर्ष में ही सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वे सेना में चयनित हुए। छात्र जीवन में उन्होंने चार वर्षों तक तैराकी एवं वाटर पोलो में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व भी किया।

मेजर जनरल अरविंद यादव, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक स्व. डॉ. जे.एस. यादव के पुत्र हैं, जिन्होंने शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। #VidyaBharati