राज्यपाल ने सराहा समुत्कर्ष का प्रबंधन
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्याभारती महाकोशल प्रांत पूर्व छात्र परिषद द्वारा संचालित करियर गाइडेंस सेवा प्रकल्प समुत्कर्ष के प्रबंधन को प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मुक्तकंठ से सराहा। अपने दो दिन के शहर प्रवास के दौरान राज्यपाल ने इस सेवा प्रकल्प का अवलोकन किया था।
इस प्रकल्प के अंतर्गत प्रशासनिक सेवाओं के लिए उचित मार्गदर्शन, विषय विशेषज्ञों का प्रबोधन, प्रासंगिक विषयों पर समूह चर्चा, स्वाध्याय कक्ष, व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रेरक वातावरण दिया जाता है। अवलोकन के दौरान राज्यपाल ने विद्याभारती महाकोशल प्रांत की इस अभिनव योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां पर विद्यार्थियों को ट्रेनिंग देने के लिए अच्छा प्रबंध किया गया है। यहां से शासकीय क्षेत्रों में अनेक बच्चों को सफलता मिली है, इसलिए संचालन टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने प्रकल्प के सफलतम 1 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं भी दी। इस प्रकल्प के माध्यम से एक वर्ष में 48 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न प्रशासनिक पदों पर हुआ है। राज्यपाल ने विद्याभारती के प्रांतीय पदाधिकारियों व भगिनी निवेदिता छात्रावास की छात्राओं के साथ संवाद भी किया।
इस अवसर पर डॉ. पवन तिवारी, रेखा चूडासमा, डॉ. नरेन्द्र कोष्टी, डॉ. आदित्य मिश्रा, डॉ. विपिन बिहार ब्यौहार, डॉ. सुधीर अग्रवाल व आशीष दीक्षित आदि उपस्थित थे।